चित्रकला प्रतियोगिता में ऊर्जा संरक्षण पर विद्यार्थियों ने रोचक और ध्यान खींचने वाले चित्र उकेरे
छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण ‘‘क्रेडा’’ द्वारा गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी बीते 14 दिसंबर को छात्र-छात्राओं के साथ राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण दिवस मनाया। ऊर्जा संरक्षण एवं क्षमता सप्ताह कार्यक्रम के तहत् चित्रकला प्रतियोगिता, जनजागरण रैली, नारा लेखन प्रतियोगिता के साथ ही क्विज प्रतियोगिता एवं अन्य गतिविधियों का आयोजन किया किया गया। जिसके तहत प्रदेश सहित नारायणपुर जिले के दो स्कूलों जवाहर नवोदय विद्यालय और मुख्यमंत्री डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल में प्रश्नोत्तरी, स्लोगन लेखन, चित्रकला प्रतियोगिता के साथ ही ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए वॉलपेंटिंग और ऊर्जा संरक्षण रैली का आयोजन किया गया है। इस कार्यक्रम में जिले के विद्यार्थियों ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। बच्चों ने ऊर्जा संरक्षण विषय में चित्रकला प्रतियोगिता में ऊर्जा संरक्षण पर रोचक और ध्यान खींचने वाले चित्र उकेरे। नवोदय विद्यालय के प्राचार्य श्री एस. आर. पाठक ने रैली को हरी झंडी दिखाई। रैली नवोदय विद्यालय गरांजी से रवाना होकर बखरूपारा बजार तक आयोजित की गई जिसमें छात्र-छात्राओं द्वारा ग्रामीणजनों और नगरवासियों के बीच ऊर्जा संरक्षण के विषय में स्लोगन बोर्ड के माध्यम से नारे लगाते हुए आम जनमानस को ऊर्जा बचत के संबंध में प्रेरित करने का काम किया गया।
बतादें कि भारत देश में हर साल 14 दिसम्बर को राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण दिवस मनया जाता है। भारत सरकार ने वर्ष 2001 में ऊर्जा संरक्षण अधिनियम 2001 लागू किया था। इस अधिनियम में ऊर्जा के गैर पारम्परिक स्त्रोतों को इस्तेमाल में लाने के लिए बड़े पैमाने पर तैयारी करना, पारम्परिक स्त्रोतों के संरक्षण के लिए नियम बनाना आदि शामिल था।